
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत शुक्रवार को सरकारी जमीन पर बने समाजवादी पार्टी के पुराने कार्यालय को अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के बाद सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। पूर्व सांसद रामकिशुन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन कार्यालय पहुंचकर धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सपा नेताओं ने दीनदयाल नगर के उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क चौड़ीकरण की डीपीआर सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही जिन व्यापारियों के मकान और दुकानें तोड़ी जा रही हैं, उन्हें पुनर्स्थापित करने और उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। पूर्व सांसद ने चकिया तिराहे पर पीडब्ल्यूडी की जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाने की भी मांग की। धरने में पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव सहित कई व्यापारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

