
चंदौली । स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति की भावना को समर्पित तिरंगा यात्रा का आयोजन सोमवार को सैयदराजा में किया गया। विधायक सुशील सिंह के नेतृत्व में नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा से निकली तिरंगा यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई।
शहीद स्मारक स्थल पर विधायक सुशील सिंह ने अमर शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा बाजार ‘भारत माता की जय’ और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा। यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विधायक सुशील सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, गौरव, प्रेम और वीरों के बलिदान की पहचान है। ऐसे आयोजन हमें देश के लिए समर्पण और बलिदान की भावना की याद दिलाते हैं।
उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को अनुशासन और लगन के साथ अपनी प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र एवं समाज की प्रगति के लिए करना चाहिए। तिरंगे की शान में हर हिंदुस्तानी का दिल देशभक्ति से ओत-प्रोत है।
इस अवसर पर महेंद्र सिंह प्रमुख प्रतिनिधि, मंगला राय, मृत्युंजय सिंह ‘दीपू’, राजेश जायसवाल, अमित अग्रहरि, विपिन सिंह, गौतम तिवारी, शिवशंकर मौर्य सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

