ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: अपर जिलाधिकारी के तल्ख तेवर: अनफिट स्कूली वाहनों पर होगी सीधी कार्रवाई, बख्शे नहीं जाएंगे चालक

समीक्षा बैठक में 'जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति' ने कसी कमर, बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

चंदौली : स्कूली वाहनों के जरिए बच्चों की जान से खिलवाड़ करने वाले वाहन स्वामियों और चालकों पर अब प्रशासन की कार्यवाही होना तय है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ‘जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति’ की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने कड़े लहजे में निर्देश जारी किए। उन्होंने चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा के नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब सीधी और कठोर कार्रवाई होगी।

बैठक के दौरान एडीएम राजेश कुमार के तेवर बेहद सख्त नजर आए। उन्होंने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को निर्देश दिया कि सड़क पर उतरकर एक-एक स्कूली बस, वैन और ई-रिक्शा की गहनता से चेकिंग की जाए।
कहा कि बिना वैध फिटनेस सर्टिफिकेट, ओवरस्पीडिंग और क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने वाले वाहनों को तत्काल सीज किया जाएगा। स्कूली वाहनों को चलाने वाले चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा। नशे में या अनियंत्रित गाड़ी चलाने वालों के लाइसेंस तुरंत रद्द होंगे। हर विद्यालय यान में सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस सिस्टम, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशामक यंत्र चालू हालत में होना अनिवार्य है।यदि किसी अनफिट या अवैध वाहन से दुर्घटना होती है, तो संबंधित स्कूल प्रशासन को भी जवाबदेह बनाया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी ने कहा, बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह का ‘कॉम्प्रोमाइज’ नहीं चलेगा। उन्होंने अधिकारियों को रोजाना चेकिंग अभियान चलाकर रिपोर्ट पेश करने का कड़े निर्देश दिया है।

बैठक के दौरान आरटीओ अभिषेक सिंह, एआरटीओ सर्वेश गौतम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, आधिशासी अभियंता पीडब्लूडी राजेश कुमार, उप जिलाधिकारीगण, यातायात पुलिस एवं एनएचआई के अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!