fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : नगर पंचायत फेंक रहा कूड़ा, वन विभाग मौन, पर्यावरण संरक्षण की अपील सुने कौन

चंदौली। चकिया विकासखंड के मोहम्मदाबाद से लतीफशाह जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे आदर्श नगर पंचायत चकिया की ओर से लगातार कूड़ा डंप किया जा रहा है। इससे पर्यावरण को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थिति यह है कि जानकारी के बावजूद भी राजपथ रेंज के अधिकारी मौन धारण किए हुए हैं। इससे वन क्षेत्र के पर्यावरण को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।

 

नगर पंचायत चकिया प्रशासन की ओर से निस्तारण की समुचित व्यवस्था ना करके नगर के कूड़ा-कचरा इकट्ठा कर लगातार वन क्षेत्र में डंप किया जा रहा है। इससे वन क्षेत्र में पानी के प्रदूषण समेत कई बीमारियों के उत्पन्न होने का घोर संकट है। जहां एक तरफ सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर वनों को हरा भरा करने के लिए लगातार लाखों की संख्या में पौधारोपण किया जा रहा है ताकि चंद्रप्रभा अभ्यारण के जीव जंतुओं के रहने के लिए समुचित माहौल बनाया जा सके। वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत द्वारा लगातार कूड़ा डंप कर वातावरण को प्रदूषित किया जा रहा है। हजारों हेक्टेयर में फैले हुए चंद्रप्रभा वन्य जीव सेंचुरी सहित वनों की सुरक्षा व देख-रेख के लिए विभाग द्वारा बकायदे बीट बनाकर अधिकारियों कर्मचारियों की नियुक्ति भी की गई है। इसके बावजूद इस प्रकार के घोर आपत्तिजनक कृत्य पर रोक नहीं लग पा रही है। विभागीय उदासीनता से जंगली जीवों के पीने के पानी में संक्रमण सहित बीमारी उत्पन्न होने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

Back to top button