ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: घर पर पाइल्स का ऑपरेशन बना जानलेवा, युवक की मौत, झोलाछाप पर आरोप

चंदौली। धानापुर क्षेत्र के हेतमपुर गांव में घर पर पाइल्स का ऑपरेशन कराना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। ऑपरेशन के बाद युवक की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मिर्जापुर गांव के एक कथित झोलाछाप पर घर पहुंचकर ऑपरेशन करने का आरोप लगाया है। मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच, आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग की गई है।

 

जानकारी के अनुसार, धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत मिर्जापुर गांव का एक व्यक्ति कथित तौर पर डॉक्टर बनकर लोगों का इलाज करता है। आरोप है कि उसने हेतमपुर गांव निवासी इस्लाम पुत्र सुभान के घर पहुंचकर पाइल्स का ऑपरेशन किया था। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद इस्लाम की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

 

मृतक के भाई इसहाक अली ने दो नवंबर 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चंदौली को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति ने बिना उचित चिकित्सकीय व्यवस्था के घर पर ऑपरेशन किया, जिसके बाद उनके भाई की जान चली गई। शिकायतकर्ता ने संबंधित व्यक्ति की चिकित्सकीय योग्यता और ऑपरेशन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कराकर दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

इसके साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक संकट से उबारने के लिए पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने की मांग भी की गई है। शिकायत की प्रतियां जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक को भी भेजी गई हैं।

 

इसहाक अली का आरोप है कि शिकायत दिए जाने के चार दिन बाद भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि जांच और कार्रवाई करने के बजाय मामले में सुलह-समझौता कराने की बात सामने आ रही है। परिजनों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!