
चंदौली। जन्मदिन का जश्न मनाने के दौरान कथित तौर पर पटाखा छोड़ना दुकानदार के लिए मुसीबत का सबब बन गया। आरोप है कि जन्मदिन मना रहे युवकों ने आसमानी शॉट पटाखा दुकान की ओर छोड़ दिया, जिससे दुकान में रखा सामान जलकर बर्बाद हो गया। पीड़ित दुकानदार ने मनीष सेठ और उसके दोस्तों पर जानबूझकर दुकान को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से न्याय की गुहार लगाई है। दुकानदार के मुताबिक घटना में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का सामान और 30 से 40 हजार रुपये नकदी का नुकसान हुआ है।
अलीनगर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात करीब 1:30 बजे हुई घटना के संबंध में पीड़ित जितेंद्र गुप्ता उर्फ कल्लू ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर उन्होंने अपनी दुकान में लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, सजावटी सामान, बच्चों की फुलझड़ियां और अन्य पटाखे बिक्री के लिए रखे थे। आरोप है कि देर रात मनीष सेठ अपने 10 से 15 दोस्तों के साथ बुलेट समेत अन्य वाहनों से वहां पहुंचा। सभी जन्मदिन मनाते हुए सड़क पर आसमानी शॉट पटाखे छोड़ रहे थे।
इसी दौरान 12 शॉट वाला पटाखा उनकी दुकान की तरफ छोड़ दिया गया। पटाखे की चिंगारी से दुकान में रखे ज्वलनशील सामान में आग लग गई और देखते ही देखते काफी सामान बर्बाद हो गया। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद युवक तालियां बजाते और हंसते हुए वहां से चले गए। जितेंद्र गुप्ता का कहना है कि उनके साथ इस तरह की घटना पहले भी कई बार हो चुकी है और उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दीपावली पर दुकान में सामान जुटाने के लिए कर्ज लिया था। यहां तक कि पत्नी के गहने भी बंधक रखने पड़े थे। इसी दुकान से परिवार का भरण-पोषण होता है। ऐसे में आगजनी की घटना ने उन्हें आर्थिक संकट में डाल दिया है। पीड़ित ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।

