
चंदौली। बलुआ के पास स्थित शहीद चंदन राय गंगा पुल (सरसौल पुल) से सोमवार को एक युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। युवक अपनी पीठ पर काले रंग का बैग टांगे हुए था और बैग समेत गंगा में कूद गया। अचानक हुई इस घटना से पुल के आसपास हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर नाव लेकर मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका।

नौ नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे युवक सरसौल पुल पर पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसकी पीठ पर काले रंग का बैग था। कुछ देर बाद उसने अचानक पुल से गंगा में छलांग लगा दी। युवक को नदी में कूदता देख आसपास मौजूद लोग सकते में आ गए। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना गोताखोरों को दी।

युवक की पहचान चंदौली जनपद के चहनिया ब्लॉक अंतर्गत पट्टी गांव निवासी टिप्पू चौबे (33 वर्ष), पुत्र राम अवतार चौबे के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद उसके परिजनों और परिचितों तक भी घटना की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय गोताखोर नाव लेकर गंगा में उतरे और संभावित स्थानों पर युवक की तलाश शुरू की। नदी में काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और उसके पीछे क्या वजह रही, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश जारी है।

