fbpx
चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

अरे! बारात में विवाद हल कराने गई चंदौली पुलिस दूल्हे की कार का टायर ही खोल ले गई

चंदौली। चंदौली पुलिस के विवाद हल कराने का तरीका जान आप सिर पकड़ लेंगे। मामला धानापुर थाना क्षेत्र के कुसुम्ही गांव का है। शुक्रवार की रात घराती और बराती पक्ष में विवाद हो गया। मारपीट की सूचना पर पहुंची धानापुर पुलिस ने पहले तो दोनों पक्षों को समझाया फिर लौटते समय मारपीट में शामिल एक बराती सहित दूल्हे की कार के दो टायर भी खोल ले गई। इससे मामला और बिगड़ गया और लोग आक्रोशित हो उठे। टायर खोलने के पीछे थाना प्रभारी विनोद मिश्रा का तर्क है कि और विवाद न बढ़े इसलिए टायर खोलवाया गया। किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।


कुसुम्ही गांव के सीरी बिंद की लड़की की शुक्रवार को शादी थी। बलुआ थाना क्षेत्र के महराजगंज से बरात आई थी। पूर्व प्रधान राजेश यादव भी लड़की पक्ष से निमंत्रण करने आए थे। बरात आने के बाद वह रास्ते से स्कार्पियो हटाने लगे। इसी दौरान स्कार्पियो अनियंत्रित होकर रोड लाइट मजदूरों को धक्का मारते हुए दूल्हे की गाड़ी से टकरा गई। दूल्हे राजा बिदक गए और बरातियों के साथ पूर्व प्रधान की पिटाई कर दी। गांव के लोगों को जैसे ही पता चला तो पूर्व प्रधान के समर्थन में लामबंद हो गए और दोनों तरफ से मारपीट होने लगी। पूर्व प्रधान ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी से बैग और मोबाइल बरातियों ने निकाल लिया। बैग में 75 हजार रुपये भी थे। बाद में बैग तो मिल गया लेकिन रुपये नहीं मिले। बहरहाल मारपीट की सूचना पर धानापुर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया। लेकिन पुलिस के जाते ही फिर से विवाद शुरू हो गया। पुलिस दोबारा पहुंची तो अपने साथ एक बराती और दूल्हे की गाड़ी के दो टायर खोल कर ले गई। शनिवार की सुबह संभ्रांतजनों के कहने पर पुलिस ने बराती को छोड़ा और गाड़ी में टायर लगवाए। गांव सहित क्षेत्र में पुलिस के इस कदम की खूब चर्चा हुई।

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!