
चंदौली। सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने बुधवार को 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजू मुसहर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बदमाश की गोलीबारी के बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, 15 दिसंबर 2025 को सैयदराजा थाना क्षेत्र के तेंदुआन गांव में हत्या और डकैती की वारदात हुई थी। मामले में सात आरोपी शामिल थे, जिनमें पांच की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है, जबकि राजू मुसहर समेत दो आरोपी वांछित चल रहे थे।
बुधवार को समइया पट्टीदारी के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सर्विलांस से सूचना मिली कि राजू मुसहर क्षेत्र में आने वाला है। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी राजू मुसहर पुत्र लक्ष्मण मुसहर, निवासी सतोपती, थाना नुआंव, जनपद कैमूर (बिहार) के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। मोटरसाइकिल चोरी की है या आरोपी की अपनी, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सैयदराजा, कन्दवा, पड़री, लालपुर/पाण्डेयपुर और बबुरी थानों में चोरी, माल बरामदगी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। मामले में सैयदराजा पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।

