
चंदौली। मुगलसराय में अपराध और अपराधी रुकने का नाम नहीं ले रहे। चोरी , लूट, छिनैती और मारपीट की घटनाएं आम हो चुकी हैं। ताजा घटनाक्रम के तहत चकिया तिराहे पर पुलिस पिकेट के ठीक सामने स्थित कंपोजिट शराब की दुकान को चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि बीते पांच महीनों में यह तीसरी बार है जब इसी दुकान में चोरी की घटना हुई है।
जानकारी के अनुसार गंजी प्रसाद तिराहे के पास स्थित कंपोजिट शराब की दुकान से चोर करीब 80 हजार रुपये नकद के साथ महंगी बीयर और शराब की पेटियां उठा ले गए। घटना देर रात की बताई जा रही है। सुबह दुकान खुलने पर चोरी की जानकारी होने से इलाके में हड़कंप मच गया। संचालक गोपाल जायसवाल ने बताया कि दुकान में पांच महीने में चोरी की तीसरी घटना है। पुलिस एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी।
घटना का सबसे अहम पहलू यह है कि दुकान पुलिस पिकेट के ठीक सामने स्थित है, इसके बावजूद चोर आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चोर का चेहरा भी साफ नजर आ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों के बावजूद पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

