
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार ब्लेजर बनाने की प्रतिस्पर्धा को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
रामपुर निवासी सुहेब अली ने थाना मुगलसराय में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 मई की रात करीब 8:30 बजे ग्राम डांडी स्थित ‘घरवाला रंगवाला’ दुकान के पास समीर अहमद उर्फ बाबू और उसके साथियों ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी स्कूटी लूट ली। इस मामले में थाना मुगलसराय में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एम्बीशन स्कूल डांडी के पास सर्विस लेन से संदिग्ध स्कूटी सवार को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम समीर अहमद उर्फ बाबू पुत्र नेहालुद्दीन निवासी कटेसर थाना मुगलसराय बताया और घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि ब्लेजर बनाने की प्रतिस्पर्धा को लेकर सुहेब अली से विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने अपने साथी चंदन पासवान के साथ मिलकर मारपीट की और स्कूटी छीनकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्कूटी संख्या UP16BP0872 बरामद कर ली है। मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी जलीलपुर अजय कुमार, हेड कांस्टेबल रजनीश कुमार राय और हेड कांस्टेबल गौरव सिंह शामिल रहे।

