fbpx
GK अपडेटख़बरेंचंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

चंदौलीः भाजपा, बसपा से होकर कांग्रेस में आ गए पूर्व विधायक छब्बू पटेल, मुगलसराय से टिकट की दावेदारी

चंदौली। भाजपा के टिकट पर तीन दफा विधायक रहे दिग्गज नेता छब्बू पटेल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। छब्बू पटेल का दावा है कि प्रियंका गांधी ने उन्हें खुद बुलाया और कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई। मुगलसराय विधान सभा से टिकट का आश्वासन भी मिला है। दरअसल कांग्रेस के साथ अपनी राजनीतिक पारी शुरू करने वाले छब्बू पटेल। भाजपा में शामिल हुए और लगातार तीन दफा विधायक रहे। हालांकि लगातार दो दफा चुनाव में शिकस्त भी खाई। बीजेपी ने उन्हें पर्याप्त मौके दिए। लेकिन टिकट नहीं मिला तो बसपा का दामन थाम लिया। बसपा ने भी 2017 में उन्हें विधायकी का टिकट नहीं दिया तो बसपा से भी मोहभंग हो गया। चुनाव नजदीक आते ही नए दल की तलाश में थे। कांग्रेस के रूप में उनकी यह तलाश भी पूरी हो गई है।

छब्बू पटेल का दावा प्रियंका गांधी ने खुद बुलाया
छब्बू पटेल ने पूर्वांचल टाइम्स को बताया कि प्रियंका गांधी ने उन्हें खुद पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया और लखनऊ बुलाया। रात नौ बजे प्रियंका गांधी से आवास पर मुलाकात हुई। उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई और मुगलसराय विधान सभा से चुनाव लड़ाने को भी कहा। छब्बू पटेल कांग्रेस में शामिल होकर काफी खुश हैं। उन्होंने प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना की।

पुत्र हार गए थे जिला पंचायत का चुनाव
भगवा लहर में भाजपा के टिकट पर तीन दफा विधायक रहे छब्बू पटेल का राजनीतिक ग्राफ गिरना शुरू हुआ तो दोबारा उठ नहीं सका। लगातार दो दफा चुनाव हारे। बसपा में शमिल तो हुए लेकिन पार्टी ने टिकट नहीं दिया। हालिया पंचायत चुनाव में छब्बू पटेल के पुत्र अरविंद सिंह पटेल नियामताबाद ब्लाक के सेक्टर नंबर दो से जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़े लेकिन करारी हार का सामना करना पड़ा। मुगलसराय के टिकट की दावेदारी करने वाले तकरीबन एक दर्जन कांग्रेसी नेता छब्बू पटेल को टिकट मिलने को पचा पाएंगे या नहीं यह भी देखने वाली बात होगी।

Back to top button
error: Content is protected !!