ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में डीजल का अवैध कारोबार, बिहार जा रहा था सैकड़ों लीटर डीजल, कालाबाजारी के आरोप में पंप संचालक समेत 6 पर मुकदमा

चंदौली। उत्तर प्रदेश से बिहार में डीजल की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। यूपी-बिहार सीमा पर धरौली चेकपोस्ट के पास पुलिस ने एक पिकअप वाहन से करीब 2550 लीटर डीजल बरामद किया। वाहन में 47 गैलन और एक नीले रंग के ड्रम में डीजल रखा गया था। जांच के दौरान चालक डीजल से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। मामले में पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

 

पुलिस के अनुसार, धरौली चौकी प्रभारी रावेंद्र सिंह 15 अक्तूबर की रात बिहार सीमा पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें गैलन और ड्रम में भरा डीजल मिला। गिनती और जांच में डीजल की कुल मात्रा लगभग 2550 लीटर पाई गई।

 

चार पर्चियां दिखाईं, जांच में मिली अधिक मात्रा

पूछताछ में पिकअप चालक ने अपना नाम सूजर बिंद निवासी भेरी, भभुआ (बिहार) बताया। उसने पुलिस को बताया कि डीजल बिहार के चेनारी ले जाया जा रहा था। पुलिस ने जब डीजल के परिवहन और खरीद से संबंधित कागजात मांगे तो चालक ने चार पर्चियां दिखाईं। इन पर इंडियन ऑयल केएसके धरौली, चंदौली स्थित पेट्रोल पंप का नाम दर्ज था। पर्चियों पर मात्रा 13.64.65 लीटर अंकित थी।

 

पुलिस ने डीजल की वास्तविक मात्रा की जांच कराई तो प्रत्येक गैलन में 50 लीटर और नीले ड्रम में 200 लीटर डीजल मिला। इस तरह कुल मात्रा लगभग 2550 लीटर निकली। दस्तावेजों और बरामद डीजल की जांच के बाद पुलिस ने अवैध कारोबार की आशंका जताते हुए कार्रवाई की।

 

पेट्रोल पंप मालिक और मैनेजर भी नामजद

पुलिस ने इस मामले में पिकअप चालक सूजर बिंद, वाहन मालिक चंद्रमा बिंद और राजन कुमार, सभी निवासी भेरी, भभुआ (बिहार), प्रमोद कुमार निवासी बखारी देवी, चैनपुर, भभुआ (बिहार), धरौली स्थित पेट्रोल पंप के मालिक ज्ञानशंकर तिवारी और मैनेजर धीरज तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आरोपितों की ओर से हाईस्पीड डीजल के अवैध कारोबार की जानकारी सामने आई है। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!