ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: झांकी के जरिए शहाबगंज पुलिस ने दिया नारी सुरक्षा का संदेश, एंटी रोमियो अभियान का किया जीवंत प्रदर्शन

मिशन शक्ति के तहत निकाली गई जागरूकता झांकी, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण पर दिया जोर

चंदौली। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शहाबगंज पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत अनूठी पहल की। थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को जागरूकता झांकी निकाली गई। गुब्बारों, बैनर और पोस्टरों से सजी इस झांकी के माध्यम से महिला सुरक्षा, उत्तर प्रदेश पुलिस के एंटी रोमियो अभियान और महिलाओं के अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। झांकी थाने परिसर से रवाना होकर चकिया के लिए निकली।

झांकी में एंटी रोमियो अभियान की कार्यप्रणाली का सजीव चित्रण किया गया। इसमें ‘बेटियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता’ और ‘सुरक्षित समाज, सशक्त नारी, सशक्त भारत’ जैसे संदेशों के जरिए महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का आह्वान किया गया। इसके साथ ही ‘Wall of Dream’ और महिला सुरक्षा से संबंधित प्रदर्शनों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

 विभिन्न भूमिकाओं के जरिए समझाया सुरक्षा का महत्व

जागरूकता कार्यक्रम में रोली ने थाना प्रभारी की भूमिका निभाई, जबकि ऋषि ने एंटी रोमियो टीम के सदस्य के रूप में मनचलों के खिलाफ कार्रवाई का प्रदर्शन किया। जानवी दुबे ने शिक्षिका की भूमिका निभाकर बालिकाओं की शिक्षा के महत्व को दर्शाया। वहीं, महिला कांस्टेबल खुश्बू यादव ने चिकित्सक और महिला कांस्टेबल नीतू भारती ने हेल्प डेस्क की भूमिका निभाकर स्वास्थ्य सेवाओं तथा महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने का संदेश दिया।

 महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता

थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है। छेड़छाड़ और उत्पीड़न की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि बेटियां भयमुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें और महिलाएं सम्मान के साथ जीवन व्यतीत कर सकें।

झांकी के माध्यम से महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। पुलिस की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव, उपनिरीक्षक कमलाकांत यादव, रणजीत, गौरीशंकर यादव, इरशाद अंसारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!