
चंदौली। वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पड़ाव स्थित एसटीएमआर जयपुरिया स्कूल में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने रूट मैप, पार्किंग स्थलों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एयर शो देखने आने वाली आम जनता की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और दर्शकों की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डुमरी, सुजाबाद, कटेसर, बहादुरपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात तथा पार्किंग के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए निर्धारित योजना का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए।

राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी जाने पर प्रतिबंध
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान राजघाट पुल और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मुगलसराय और अलीनगर थाना क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों को इन दोनों पुलों का प्रयोग कर वाराणसी जाने से बचने तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
पड़ाव में निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े होंगे वाहन
एयर शो देखने बिहार, चंदौली और अन्य जनपदों से आने वाले चारपहिया वाहन रिंग रोड से पंचपेड़वा पहुंचेंगे। वहां से अलीनगर होते हुए मुगलसराय की ओर निर्धारित मार्ग से पड़ाव क्षेत्र में पहुंचकर एफसीआई गोदाम, सनबीम स्कूल ग्राउंड और एसआरएन स्कूल के पीछे स्थित मैदान में वाहन खड़े करेंगे। दोपहिया वाहनों के लिए एम्बिशन, एप्को ऑफिस और एप्को ग्राउंड में पार्किंग निर्धारित की गई है।

गंगा रिंग रोड पुल के मवई शिवाला अंडरपास से दोपहिया वाहन बहादुरपुर रोड स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल की ओर जाएंगे। वाहन चालकों को मुख्य मार्ग, सड़क या प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने की हिदायत दी गई है।
पार्किंग भरने पर लंका मैदान भेजे जाएंगे वाहन
पड़ाव क्षेत्र के निर्धारित पार्किंग स्थल भर जाने पर बाहर से आने वाले चारपहिया वाहनों को वाराणसी के रामनगर स्थित लंका मैदान पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। वाहन चालकों को यातायात पुलिस के निर्देशों के अनुसार ही वैकल्पिक मार्ग अपनाने को कहा गया है।
वाराणसी (बाबतपुर), प्रयागराज, मिर्जापुर और अन्य जनपदों की ओर जाने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें एयर शो में शामिल नहीं होना है, वे एनएच-19 और रिंग रोड का प्रयोग कर अपने गंतव्य तक जाएंगे। उन्हें पड़ाव क्षेत्र और प्रतिबंधित पुलों की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
सुबह आठ बजे से लागू रहेंगे यातायात प्रतिबंध
निर्धारित तिथियों में सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात प्रतिबंधों का पालन करना होगा। वाहन चालकों को बैरियर, संकेतकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देश मानने तथा पार्किंग स्थल भरने पर पुलिस द्वारा बताए गए वैकल्पिक स्थल का उपयोग करने को कहा गया है। एंबुलेंस, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, यातायात प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

