ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: मुगलसराय स्टैंड से बाइक चुराकर बेचने की फिराक में थे तीन बाल अपचारी, अलीनगर पुलिस ने दबोचा

तीन चोरी की स्प्लेंडर प्लस बरामद, गिरोह का सरगना फरार; एक सप्ताह पहले भी चोरी की थी बाइक, चार मुकदमों से जुड़ा मामला

 

चंदौली। अलीनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की तीन मोटरसाइकिलों के साथ तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के अनुसार, तीनों मुगलसराय स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर सस्ते दामों पर बेचते थे। इनके गिरोह का सरगना मौके से फरार हो गया। बरामद मोटरसाइकिलों के आधार पर अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा। पूछताछ में वे बरामद वाहनों के कागजात नहीं दिखा सके। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।

 

मुगलसराय स्टैंड से चुराई थीं तीनों बाइक

पुलिस के अनुसार, बाल अपचारियों ने बताया कि वे अपने शौक पूरे करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करते थे। गिरोह का सरगना उनके साथ मिलकर मुगलसराय स्टैंड और आसपास के इलाकों से बाइक चुराता था। इसके बाद चोरी के वाहनों को सस्ते दामों में बेचकर मिले रुपये आपस में बांट लेते थे।

 

पूछताछ में सामने आया कि बरामद तीनों मोटरसाइकिलें 18 अक्तूबर 2026 को मुगलसराय स्टैंड से चोरी की गई थीं। इसके अलावा, फरार सरगना के साथ मिलकर करीब एक सप्ताह पहले भी मुगलसराय स्टैंड से एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की बात बताई गई। पुलिस के मुताबिक, तीनों बाल अपचारी चोरी की बाइक बेचने की फिराक में थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया।

 

तीनों मोटरसाइकिलों पर नहीं थी नंबर प्लेट

पुलिस ने मौके से तीन हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें काले-सिल्वर रंग की बाइक का पंजीकरण नंबर यूपी 67 एएच 0617, काले रंग की दूसरी बाइक का नंबर यूपी 67 एएल 2146 और तीसरी बाइक का नंबर यूपी 65 ईक्यू 4394 बताया गया है। तीनों वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

 

चार मुकदमों से जुड़ा मामला

बरामदगी के आधार पर अलीनगर थाने में मुकदमा संख्या 643/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2) और 317(4) में अभियोग दर्ज किया गया है। वहीं, मुगलसराय थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 549/2026, 550/2026 और 551/2026 धारा 303(2) बीएनएस से भी मामला जुड़ा है।

 

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विकास कुमार सिंह, कांस्टेबल अखिलेश सिंह, अमित कुमार यादव, जितेंद्र कुमार और वजाहत अली सिद्दीकी शामिल रहे। पुलिस फरार सरगना की तलाश और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!