fbpx
वाराणसी

पुलिस कमिश्नर से मिली आकांक्षा दुबे की मां, रोते-बिलखते बेटी के लिए लगाई न्याय की गुहार

वाराणसी। भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की सुसाइड मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज आकांक्षा की मां शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर अशोक मुथा जैन से न्याय की गुहार लगाने उनके कार्यालय पहुंच गईं। न्याय की गुहार लगाते हुए मधु दुबे बिलख-बिलख कर रोने लगीं। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला। पुलिस कमिश्नर ने उन्हें जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

पुलिस आयुक्त से मिलने पहुंचीं मधु दुबे ने आरोप लगाया कि समर सिंह अक्सर आकांक्षा से मारपीट करता था। पैसे हड़प लेता था। उसे किसी और के साथ काम नहीं करने देता था। वह किसी और के साथ काम करती थी तो प्रताड़ित करता था। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों से मिल गई है। इस कारण गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

मधु दुबे ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज चारों तरफ वायरल हो रहा है, वो कैसे लीक हुआ। मैंने जब इसकी मांग की थी, तो मुझे नहीं दिया गया। मधु दुबे ने कहा कि अगर मुझे यहां भी न्याय नहीं मिला तो मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास जाऊंगी और अपनी बेटी के हत्यारों को पकड़वाने की गुहार लगाऊंगी।

भदोही के बरदहां गांव निवासी आकांक्षा दुबे का शव बीते रविवार को सारनाथ के एक होटल में फंदे से लटका मिला था। वह भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए आई थीं। इस मामले में आकांक्षा की मां ने भोजपुरी सिंगर समर सिंह व उसके सहयोगी संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा सारनाथ थाने में दर्ज कराया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!