
चंदौली/वाराणसी। योगी सरकार की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) वाराणसी यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदौली में 1 किलो 20 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की कीमत करीब 2.10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
डीजीपी कार्यालय के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक सोनकर के रूप में हुई है, जो वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित झोरिया जगदीशपुर बाबतपुर का निवासी है। एएनटीएफ टीम ने उसे चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोधना मोड़ सर्विस रोड से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर मादक पदार्थों की तस्करी करता है। बरामद हेरोइन वह अपने पार्टनर के कहने पर चंदौली में किसी व्यक्ति को सप्लाई करने के लिए लेकर जा रहा था। इसी दौरान एएनटीएफ टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और हेरोइन तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

