चंदौलीसंस्कृति एवं ज्योतिष

Chandauli News: निस्वार्थ प्रेम और समर्पण ही सच्ची भक्ति का आधार, भागवत श्रवण से मिलता है मोक्ष का मार्ग : गौरांगी गौरी

माधोपुर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, कृष्ण भक्ति के प्रसंगों में भावविभोर हुए श्रद्धालु, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सपरिवार किया कथा श्रवण

 

चंदौली। क्षेत्र के माधोपुर गांव में गुरुवार को धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरा गांव भक्तिरस में सराबोर नजर आया। कथावाचिका पंडित गौरांगी गौरी ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के साथ कथा का शुभारंभ करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य को आध्यात्मिक चेतना प्रदान करता है और उसे जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति पाने का मार्ग दिखाता है।

 

कथा आयोजन से पहले सुबह पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया। इसमें उन्होंने सपरिवार ब्राह्मणों को भोजन परोसा। इसके बाद अपने पिता स्वर्गीय रामअवध सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद श्रद्धालुओं की भीड़ कथा पंडाल में जुटने लगी और देखते ही देखते पूरा पंडाल खचाखच भर गया।

 

कथावाचिका ने जीवन की नश्वरता और सद्कर्मों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्मशान ही ऐसा स्थान है, जहां सभी मनुष्य समान हो जाते हैं। इसलिए जीवन में किसी प्रकार का अहंकार नहीं करना चाहिए। मनुष्य को अपने आचरण में विनम्रता रखते हुए भक्ति, सेवा और सद्कर्म के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।

 

भगवान श्रीकृष्ण की द्वारिका से जुड़ा प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि एक बार भगवान ने भक्तों की परीक्षा लेने के लिए पेट में दर्द होने का बहाना किया। ऋषि-मुनियों से इसका उपाय पूछा गया तो कोई भी अपने पैरों की धूल भगवान के मस्तक पर लगाने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद नारद मुनि भगवान का संदेश लेकर बरसाना पहुंचे। जैसे ही गोपियों को श्रीकृष्ण की पीड़ा का पता चला, उन्होंने बिना किसी संकोच के अपने पैरों की धूल देने की सहमति जता दी। गोपियों का मानना था कि उनकी धूल से यदि भगवान की पीड़ा दूर हो सकती है तो इससे बड़ा सौभाग्य क्या होगा। इस प्रसंग के माध्यम से कथावाचिका ने बताया कि सच्ची भक्ति में स्वार्थ नहीं, बल्कि पूर्ण समर्पण और निस्वार्थ प्रेम का भाव होता है।

उन्होंने कहा कि आंखों का काम अच्छा देखना, कानों का अच्छा सुनना, हाथों का अच्छे कार्य करना और मस्तिष्क का सद्विचारों को धारण करना है। शुद्ध मन से भागवत कथा का श्रवण करने वाला व्यक्ति अपनी बुराइयों को त्यागकर सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्राप्त करता है। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पंडाल गूंजता रहा। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भी सपरिवार श्रद्धालुओं के साथ बैठकर कथा श्रवण किया।

 

इस अवसर पर एमएलसी विनीत सिंह, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, उपेंद्र सिंह गुड्डू, रामजन्म यादव, इमरान खान, धर्मराज सिंह, नागेंद्र सिंह, अनुज सिंह, अमित सिंह, रमेश यादव, इंद्रजीत सिंह, बाला सिंह और रजनीश सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!