
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के पपौरा गांव में गुरुवार की देर शाम तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से स्कूटी सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे पलट गई। घटना के बाद चालक घायल अवस्था में ही मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पपौरा शिवपुर निवासी मोनू पाल पपौरा बाजार स्थित एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर काम करता था। उसके पिता पिटहल पाल भेड़ पालन का काम करते हैं। गुरुवार की शाम मोनू किसी जरूरी काम से अपनी स्कूटी लेकर पपौरा बाजार गया था। इसी दौरान रांग साइड से आ रही एक पिकअप ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोनू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद पिकअप भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल मोनू को तत्काल सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, पिकअप चालक को भी हादसे में चोटें आईं, लेकिन वह घायल होने के बावजूद मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

