ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

परिषदीय विद्यालयों में अफसरों की औचक जांच, बच्चों संग बैठकर चखा मिड-डे मील

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर शुक्रवार को जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक परिषदीय विद्यालयों में विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच की।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नियामताबाद और पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय जफरपुर का निरीक्षण किया। वहीं, बीईओ ने अपने-अपने विकासखंडों के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने कक्षाओं में छात्र-छात्राओं से हिंदी, गणित और सामान्य ज्ञान के सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा। निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों, शिक्षकों की शिक्षण शैली और पठन-पाठन के माहौल का भी निरीक्षण किया गया। विद्यालय परिसर, कक्षाओं, पेयजल स्थलों और शौचालयों की स्वच्छता जांचते हुए नियमित सफाई के निर्देश दिए गए।

बच्चों के साथ बैठकर खाया मिड-डे मील

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों के साथ पंक्ति में बैठकर मध्याह्न भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता, स्वाद व पौष्टिकता को परखा। अधिकारियों ने रसोइयों और प्रधानाध्यापकों को मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने, खाद्यान्न के सुरक्षित रखरखाव तथा रसोईघर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बीएसए सचिन कुमार ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर पठन-पाठन का माहौल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण अभियान का उद्देश्य व्यवस्थाओं में सुधार के साथ बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है।

Back to top button
error: Content is protected !!