ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: कैली रोड पर मकान में चल रहा था अवैध शराब का गोदाम, 1070 लीटर शराब के साथ 14 पकड़े गए

चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 पुरुषों और दो महिलाओं को हिरासत में लिया, दो किशोर भी पुलिस अभिरक्षा में, 26,570 रुपये नकद और बाइक बरामद

 

चंदौली। जिले में अवैध शराब के भंडारण और कारोबार के खिलाफ चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैली रोड स्थित एक मकान में छापेमारी की। यहां बिना वैध अनुमति के भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण किया गया था। पुलिस ने मौके से कुल 1070 लीटर अवैध शराब बरामद करते हुए 10 पुरुषों और दो महिलाओं को हिरासत में लिया। इसके अलावा दो किशोरों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 26,570 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में कोतवाली चंदौली पुलिस ने 25 नवंबर 2026 की सुबह करीब 6:10 बजे कैली रोड स्थित आकाश तिवारी के मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान से 1070 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। मौके पर मौजूद 10 पुरुष, दो महिलाएं और दो किशोरों को पुलिस ने पकड़ लिया।

 

पुलिस ने बरामद शराब के अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूपी 67 डब्ल्यू 1979) और 26,570 रुपये नकद भी कब्जे में लिए हैं। इस मामले में थाना चंदौली पर मुकदमा अपराध संख्या 544/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 60 और 63 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

 

बिहार और चंदौली के रहने वाले हैं पकड़े गए आरोपी

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए पुरुषों में बलवन गुप्ता निवासी मठइहा, धानापुर, मनोज कुमार निवासी कांटा, सैयदराजा तथा बिहार के औरंगाबाद, सिवान, पटना और सहरसा जिलों के निवासी शामिल हैं। इनमें पंकज कुमार, सचिन कुमार, अब्दुल अंसारी, बाबूलाल कुमार, मनोज सिंह, उदय कुमार, सुबोध और कैलाश मंडल के नाम शामिल हैं।

 

वहीं, हिरासत में ली गई महिलाओं की पहचान सैरो देवी और शारदा देवी के रूप में हुई है। दोनों बिहार के पटना क्षेत्र की निवासी बताई गई हैं। दो अन्य किशोरों को बाल अपचारी होने के कारण पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

 

प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के साथ उपनिरीक्षक राजेश कुमार, मार्कंडेय सिंह, हरेंद्र यादव तथा कांस्टेबल तनिष्क साहू, प्रियेश यादव, आदर्श शर्मा और महिला कांस्टेबल रागिनी सिंह एवं उर्वशी सिंह शामिल रहीं। पुलिस अब मामले में अवैध शराब के भंडारण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!