
चंदौली। कमालपुर कस्बे में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। चोर आए दिन दुकानों को निशाना बना रहे हैं, लेकिन पूर्व में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। मंगलवार की देर रात चोरों ने एक बार फिर जूते-चप्पल की दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान से करीब दस जोड़ी जूते-चप्पल लेकर फरार हो गए। लगातार हो रही घटनाओं से नाराज व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरियों का जल्द खुलासा करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी पुलिस अधीक्षक से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।
कमालपुर निवासी कैलाश ठठेरा के पुत्र राजेश ठठेरा की कस्बे में जूते-चप्पल की दुकान है। मंगलवार की रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर सामान समेटने लगे। इसी दौरान कस्बे के विभिन्न मैरिज लॉन में शादी-विवाह के आयोजन होने के कारण लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। लोगों की आहट सुनकर चोर घबरा गए और करीब दस जोड़ी जूते-चप्पल लेकर मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने दुकानदार को दी। मौके पर पहुंचे राजेश ने दुकान का टूटा ताला देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू कर दी।
कमालपुर कस्बे में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले किराना व्यवसायी मेराज अंसारी, सब्जी विक्रेता संतोष और जनौली मोड़ स्थित मनोज अग्रहरि की दुकान को भी चोर निशाना बना चुके हैं। व्यापारियों का कहना है कि इन घटनाओं के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और दुकानदारों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष लालमनी पाल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि धीना थाने में थानाध्यक्ष के कार्यकाल के दौरान भी चोरी की घटनाएं होती रही हैं। तत्कालीन थानाध्यक्ष के लाइन हाजिर होने के बाद दोबारा कार्यभार संभालने पर भी क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर अंकुश नहीं लग सका है। उन्होंने कहा कि पुलिस को व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। यदि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं किया गया तो पीड़ित व्यापारियों के साथ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरियों पर अंकुश लगाने की मांग की जाएगी। उधर, धीना थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

