ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: तीन साल से जलजमाव की समस्या से मिलेगी निजात, इलिया-शहाबगंज मार्ग पर नाली निर्माण शुरू

चंदौली। इलिया-शहाबगंज मार्ग पर शराब की दुकान के समीप पिछले कई वर्षों से चली आ रही जलजमाव की समस्या के समाधान की कवायद आखिरकार शुरू हो गई। बुधवार को प्रशासन की देखरेख में जेसीबी से नाली की खुदाई का कार्य शुरू कराया गया। लंबे समय से सड़क किनारे पानी जमा रहने से परेशान ग्रामीणों और राहगीरों को अब राहत की उम्मीद बंधी है। कार्य के दौरान मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा।

ग्रामीणों के अनुसार उक्त स्थान पर करीब तीन-चार वर्षों से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं थी। बारिश होने पर सड़क के किनारे पानी जमा हो जाता था और कई बार सड़क तक जलभराव की स्थिति बन जाती थी। इससे पैदल राहगीरों के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। आसपास रहने वाले लोगों को भी रोजमर्रा के कामों के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ता था।

समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की। ग्रामीणों ने खंड विकास कार्यालय में शिकायत करने के साथ ही जिलाधिकारी और अन्य उच्चाधिकारियों से भी जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना था कि शिकायतों के बावजूद लंबे समय तक समस्या जस की तस बनी रही। बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती थी।

लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने अब जलनिकासी के स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया है। एडीओ पंचायत अरविन्द सिंह की देखरेख में जेसीबी से नाली की खुदाई शुरू कराई गई। अधिकारियों के मुताबिक नाली तैयार होने के बाद सड़क किनारे जमा होने वाले पानी को बाहर निकालने का रास्ता मिलेगा। इससे बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति में भी कमी आने की उम्मीद है।

एडीओ पंचायत अरविन्द सिंह ने बताया कि जलनिकासी की समस्या को देखते हुए नाली की खुदाई का काम शुरू कराया गया है। कार्य की निगरानी की जा रही है, ताकि नाली का निर्माण निर्धारित व्यवस्था के अनुसार हो और पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके।

बीडीओ दिनेश सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जलजमाव के स्थायी समाधान के लिए कार्य कराया जा रहा है। नाली निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। इस दौरान एडीओ आरडी अजय प्रताप सिंह समेत संबंधित कर्मचारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!