Uncategorized

Chandauli News: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 28 और 29 नवंबर को 1673 बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भर सकेंगे फॉर्म-6, नाम संशोधन और पता बदलने के लिए भी मिलेगी सुविधा, 23 नवंबर तक 20,828 नए मतदाताओं के आवेदन प्राप्त

चंदौली। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 28 और 29 नवंबर को जनपद के सभी 1673 मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मौजूद रहकर मतदाताओं से नाम जोड़ने, संशोधन और अन्य संबंधित आवेदन प्राप्त करेंगे। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा के साथ राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गई।

 

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी गई।

 

अधिकारियों ने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर को किया जा चुका है। नागरिक इस सूची का निःशुल्क निरीक्षण अपने मतदान केंद्र, तहसील कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय अथवा जनपद की वेबसाइट chandauli.nic.in के डीईओ पोर्टल पर कर सकते हैं। पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा।

 

नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6, संशोधन के लिए फॉर्म-8

एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दे सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य प्रविष्टियों में संशोधन, पहचान पत्र बदलने, दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन और निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। ऑनलाइन आवेदन निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voters.eci.gov.in और ECINET मोबाइल एप के माध्यम से भी किया जा सकता है।

 

20 हजार से अधिक नए नाम जोड़ने के आवेदन

बैठक में बताया गया कि 23 नवंबर तक जनपद में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए 20,828 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा 2,470 नाम अपमार्जन और 3,172 नाम संशोधन के आवेदन मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में महिला मतदाताओं का लिंगानुपात 840 है, जबकि जनसंख्या में महिलाओं का अनुपात 913 है। युवा मतदाताओं का पंजीकरण भी अपेक्षाकृत कम है। इस अंतर को दूर करने के लिए राजनीतिक दलों और बूथ लेवल एजेंटों से महिला एवं युवा मतदाताओं का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने में सहयोग मांगा गया।

 

मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए जनपद के टोल फ्री नंबर 05412-1950 पर सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि 11 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक प्राप्त दावे-आपत्तियों की पूरक सूचियां भी प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल कर ली गई हैं। इनकी प्रतियां जिला निर्वाचन कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त की जा सकती हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!