
पड़ाव-जलीलपुर मार्ग पर अवैध पार्किंग, हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप- ट्रकों की पार्किंग पर कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बनी रहती है पुलिस
चंदौली। पड़ाव-जलीलपुर मार्ग पर सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ट्रक राहगीरों की जान के दुश्मन बने हुए हैं। इसके बावजूद पुलिस और यातायात विभाग की कथित अनदेखी का खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है। मंगलवार को मुगलसराय-पड़ाव मार्ग पर लतीफ हॉस्पिटल के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक में सवारियों से भरा ऑटो पीछे से घुस गया। हादसे में ऑटो सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जितेंद्र (48 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश है और लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
मुगलसराय से सवारियां लेकर एक ऑटो पड़ाव की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर चौकी अंतर्गत लतीफ हॉस्पिटल के सामने पहुंचा, सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में बैठे सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में जितेंद्र को सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। घायलों में पीयूष यादव, तेज बहादुर यादव, आंचल यादव और अखिलेश यादव शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जितेंद्र महाराष्ट्र में नौकरी करते थे और घर लौट रहे थे। परिवार के लिए उनकी घर वापसी की खुशी मातम में बदल गई।
सड़क पर ट्रकों का कब्जा, पुलिस की भूमिका पर सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा पुलिस के खिलाफ फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि पड़ाव से जलीलपुर तक सड़क किनारे बड़ी संख्या में ट्रक खड़े रहते हैं। इससे मार्ग संकरा हो जाता है और आएदिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार शिकायतों के बावजूद इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने के बजाय पुलिस कथित तौर पर आंखें मूंदे रहती है। आरोप है कि ट्रक चालकों पर कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं।

