
चंदौली। नौगढ़ थाना क्षेत्र के पंडी गांव के जंगल में गुरुवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुजुर्ग बुधवार को बकरियां चराने जंगल गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। पूरी रात तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह पहाड़ी पर झाड़ियों में शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की शिनाख्त पंडी गांव निवासी लालमनी उम्र 70 वर्ष के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र अरविंद सफाई कर्मी हैं। परिजनों के मुताबिक, वह बुधवार सुबह रोज की तरह बकरियां लेकर गांव के समीप जंगल में चराने गए थे। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। देर शाम तक जंगल में खोजबीन की गई, लेकिन बकरियां वापस आ गईं और बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह लकड़ी लेने जंगल गए ग्रामीणों ने झाड़ियों के बीच शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ और नौगढ़ थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शरीर पर चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस
मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शरीर पर चोट के निशान होने की भी चर्चा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

