ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चकिया के फिरोजपुर में सड़क पर घूमता दिखा आठ फीट लंबा मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत

दो साल से क्षेत्र में मगरमच्छ दिखाई देने का ग्रामीणों का दावा, वन विभाग ने टीम को किया अलर्ट

 सड़क पर घूमते मगरमच्छ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, जाल बिछाकर पकड़ने की तैयारी

 चंदौली। चकिया क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में सड़क पर अचानक करीब आठ फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सड़क पर घूमते मगरमच्छ को देखकर लोग सहम गए। इस दौरान ग्रामीणों ने उसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मगरमच्छ की मौजूदगी से क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना की आशंका को लेकर लोग चिंतित हैं।

 दो साल से मगरमच्छ दिखने का दावा

ग्रामीणों के अनुसार, मगरमच्छ पिछले करीब दो वर्षों से क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। इसे पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम पहले भी प्रयास कर चुकी है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है। अब सड़क पर मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लोगों को आशंका है कि यदि मगरमच्छ जल्द नहीं पकड़ा गया तो किसी राहगीर या ग्रामीण के साथ अनहोनी हो सकती है।

 वन विभाग की टीम अलर्ट

मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। चकिया के रेंजर के अनुसार, टीम को अलर्ट कर दिया गया है और मौके पर भी भेजा गया था। मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए जल्द ही जाल बिछाकर अभियान चलाने की तैयारी है।

 ग्रामीणों को कार्रवाई का इंतजार

फिरोजपुर और आसपास के क्षेत्र के लोगों को अब वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार है। ग्रामीणों की मांग है कि मगरमच्छ को जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए, ताकि सड़क से गुजरने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को खतरे से बचाया जा सके। फिलहाल मगरमच्छ का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!