ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर डीएम सख्त, मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

चंदौली। विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। रविवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने मुगलसराय के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर अभियान की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने बूथों पर मौजूद बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों से नए मतदाताओं के पंजीकरण सहित मतदाता सूची में संशोधन की प्रगति की जानकारी ली।

 

जिलाधिकारी सबसे पहले पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई मुगलसराय और इसके बाद नगरपालिका इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने विशेष मतदाता पंजीकरण दिवस के दौरान चल रहे कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से अब तक प्राप्त आवेदनों तथा उनके निस्तारण की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता पुनरीक्षण का कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए।

 

डीएम ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान का अधिकार महत्वपूर्ण है। इसलिए कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए। बीएलओ घर-घर संपर्क और निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से ऐसे युवाओं की पहचान करें, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या निर्धारित अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता बनने के पात्र हैं।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के साथ नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन संबंधी आवेदनों का भी समयबद्ध निस्तारण किया जाए। आवेदन प्राप्त करने और उनके सत्यापन की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक आवेदन की जांच निर्धारित नियमों के अनुरूप की जाए, ताकि अपात्र नाम शामिल न हों और पात्र मतदाताओं के नाम छूटने न पाएं।

 

जिलाधिकारी ने बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की हिदायत देते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता का आधार है। इसमें पारदर्शिता और सावधानी बरतना सभी संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!