
चंदौली। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पुलिस ने पहल की है। शहाबगंज क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में वर्षों से बंद पड़े अस्पताल भवन को अब पुलिस चौकी के रूप में विकसित किया जा रहा है। कभी झाड़-झंखाड़ से घिरे और उपेक्षा का शिकार रहे इस भवन में अब पुलिस की मौजूदगी होगी। चौकी स्थापित होने से आसपास के करीब एक दर्जन गांवों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
चकिया क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान और शहाबगंज थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुराने अस्पताल भवन को पुलिस चौकी का स्वरूप दिया जा रहा है। भवन की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आवश्यक निर्माण कार्य लगभग पूरा कराया जा चुका है। फिलहाल गेट सहित कुछ अन्य कार्य शेष हैं। चौकी का निर्माण अभी जारी है और इसका औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ है।
12 किलोमीटर की दूरी होगी कम
विशुनपुरा से शहाबगंज थाने की दूरी करीब 12 किलोमीटर है। ऐसे में आसपास के गांवों के लोगों को किसी घटना या शिकायत की स्थिति में थाने तक पहुंचने में काफी समय लगता है। नई चौकी स्थापित होने के बाद ग्रामीणों को नजदीक में ही पुलिस सहायता मिल सकेगी। किसी आपराधिक घटना या विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस के लिए मौके पर पहुंचना भी आसान होगा।
थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि चौकी स्थापित होने से क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और सक्रियता बढ़ेगी। इससे गोवंश तस्करी समेत अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और समस्याओं के निस्तारण में भी सहूलियत होगी।
उपेक्षित भवन का होगा जनहित में उपयोग
विशुनपुरा का पुराना अस्पताल भवन लंबे समय से बंद और बदहाल पड़ा था। आसपास झाड़-झंखाड़ होने के कारण परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगता था। स्थानीय स्तर पर यहां जुआ खेलने और शराब पीने की शिकायतें सामने आती रही थीं। अब इसी भवन को पुलिस चौकी में तब्दील किया जा रहा है।
पुलिस की इस पहल से न केवल वर्षों से अनुपयोगी पड़े भवन का सदुपयोग होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच भी मजबूत होगी। चौकी शुरू होने के बाद आसपास के गांवों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ने और पुलिस तथा आमजन के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
इस संबंध में एसपी आकाश पटेल ने कहा कि अस्पताल के भवन में पुलिस चौकी निर्माण के लिए बाकायदा एनओसी ली गई थी। विशुनपुरा में पुलिस चौकी की सख्त जरूरत थी। पुलिस चौकी के निर्माण से क्षेत्र में क्राइम कंट्रोल में मदद मिलेगी। वहीं आसपास के कई गांवों के लोगों को त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त होगी।

