ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पड़ाव-रामनगर मार्ग 23 घंटे के लिए बंद, रेलवे पुल चौड़ीकरण का होगा काम, पुलिस ने लागू किया रूट डायवर्जन प्लान

30 नवंबर की रात 11 बजे से 1 दिसंबर की रात 10 बजे तक बदले रूट से चलेंगे वाहन, मुगलसराय से रामनगर जाने वाले एफसीआई-साहूपुरी होकर गुजरेंगे

 

चंदौली। पड़ाव-रामनगर सड़क मार्ग पर रेलवे पुल के चौड़ीकरण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। व्यास नगर-काशी रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 764/13-15 पर स्थित ब्रिज संख्या-09 पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इसके मद्देनजर चंदौली यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 30 नवंबर की रात 11 बजे से 1 दिसंबर की रात 10 बजे तक लागू रहेगी।

 

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मेगा ब्लॉक के दौरान पड़ाव चौराहे से रामनगर की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं कोयला मंडी और कटेसर से पड़ाव की तरफ भारी वाहनों यानी ट्रक और मालवाहक वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

 

मुगलसराय से रामनगर की तरफ जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया गया है। ऐसे वाहन एफसीआई और साहूपुरी होते हुए रामनगर की तरफ अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

 

हल्के वाहनों के लिए दो वैकल्पिक रास्ते

रामनगर से पड़ाव चौराहे की तरफ आने वाले हल्के वाहनों के लिए दो मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पहले मार्ग के तहत वाहन सेमरा मोड़ से मुड़कर सेमरा और डोमरी होते हुए मालवीय पुल के नीचे से पड़ाव पहुंच सकेंगे। दूसरे विकल्प के रूप में वाहन रतनपुर मोड़ से डोमरी होते हुए मालवीय पुल के नीचे से पड़ाव चौराहे की तरफ आ सकेंगे।

 

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में रूट डायवर्जन का पालन करें और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। पुलिस के मुताबिक, रेलवे पुल चौड़ीकरण के दौरान यातायात सुचारु रखने और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!