
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में शनिवार को किराये के मकान में युवती मृत हाल में बेड पर पड़ी मिली, जबकि उसके पति की सांसें चल रही थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे में अंगिठी मिली है। ऐसे में दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया कि रामनगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी 22 वर्षीय आकाश ने कुछ माह पूर्व 20 वर्षीय रानी के साथ प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों परिवार से अलग कटरिया में किराये के मकान में रह रहे थे। आकाश पूरी-सब्जी बनाकर बेचने का काम करता था।
दोनों 24 घंटे से अधिक समय से कमरे से बाहर नहीं निकले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही सीओ अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो दोनों बेड पर अचेत अवस्था में मिले। पत्नी की मौत हो चुकी थी, जबकि पति की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने पति को तत्काल अस्पताल भेजा। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं और घटना की जांच जारी है।

