ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सुभाष नगर के गंदे पानी से कुढ़े खुर्द की खेती चौपट, तीन साल से अधूरी सड़क, डीएम से गुहार

चंदौली। सुभाष नगर के गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कुढ़े खुर्द गांव के किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बस्ती का गंदा पानी गांव की ओर बहने से खेती योग्य जमीन सालभर जलमग्न रहती है। इससे किसानों को खेती-किसानी में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, सीवर लाइन बिछाने के बाद भी तीन साल से अधूरी पड़ी इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है।

 

इन समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के काशी प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष एडवोकेट समरनाथ सिंह यादव ने शुक्रवार को नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार से मुलाकात की। उन्होंने दोनों समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा।

 

उन्होंने बताया कि सुभाष नगर का गंदा पानी कुढ़े खुर्द गांव की ओर बहता है। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से किसानों की उपजाऊ जमीन पर पूरे साल पानी भरा रहता है। इससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की।

 

इसके अलावा मुन्ना सिंह के आवास से गायत्री स्कूल तक और रामजी यादव भोला के घर से गुलाब यादव के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण पूरा कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क निर्माण का काम करीब तीन वर्षों से अधूरा है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है।

 

जिलाधिकारी ने दोनों समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष शिवकुमार पटेल, रामविलास यादव, तौसिफ अहमद और अभिषेक शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!