
चंदौली। देव दीपावली, एकादशी और शादी-विवाह के सीजन में बढ़ने वाले यातायात के दबाव को देखते हुए चंदौली पुलिस ने मुगलसराय क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन को लेकर नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत कोयला मंडी से पड़ाव और रामनगर की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों का आवागमन सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस के अनुसार, वर्तमान में धार्मिक पर्वों और वैवाहिक आयोजनों के चलते मुगलसराय थाना क्षेत्र में यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है। ऐसे में आमजन को जाम की समस्या से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत कोयला मंडी से पड़ाव और रामनगर की तरफ जाने वाले भारी वाहन निर्धारित प्रतिबंधित समय में सड़क पर नहीं निकल सकेंगे। पहले कोयला मंडी से दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक भारी वाहनों को बाहर निकलने की अनुमति थी, लेकिन अब इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है। कोयला मंडी से भारी वाहन रात नौ बजे के बाद ही निकल सकेंगे।
ट्रांसपोर्टरों को चालकों को सूचना देने के निर्देश
चंदौली पुलिस ने कोयला मंडी के सभी ट्रांसपोर्ट संचालकों से अपील की है कि वे अपने स्तर से ट्रक चालकों को नई यातायात व्यवस्था की जानकारी दें। निर्धारित समय में प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन न किया जाए, जिससे अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस के अनुसार, यातायात के दबाव की समीक्षा के बाद उच्चाधिकारियों की ओर से आगे कोई निर्णय लिया जाता है तो इसकी सूचना समय से दी जाएगी। पुलिस ने आमजन की सुविधा और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।

