ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: अधिकारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में धान की क्रॉप कटिंग, उपज का हुआ आंकलन

चंदौली। क्षेत्र के नदेसर और सलेमपुर मौजा में धान की फसल की वास्तविक पैदावार का आकलन करने के लिए क्रॉप कटिंग प्रयोग कराया गया। खंड विकास अधिकारी जावेद अख्तर के नेतृत्व में राजस्व और विकास विभाग की टीम ने निर्धारित मानकों के अनुसार फसल कटाई की प्रक्रिया पूरी कराई। इस दौरान क्षेत्रीय लेखपाल चंदन यादव, लेखपाल रामजन्म और प्रशांत कुमार सहित ग्राम प्रधान शिवकुमार यादव तथा बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।

 

क्रॉप कटिंग प्रयोग के दौरान चयनित खेत में निर्धारित क्षेत्रफल के हिस्से को चिह्नित कर धान की कटाई कराई गई। इसके बाद कटी हुई फसल की मड़ाई कर उपज की तौल की गई। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादन का आकलन किया गया। अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार संपन्न कराई, ताकि फसल की वास्तविक पैदावार का सटीक आंकड़ा सामने आ सके।

 

इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को क्रॉप कटिंग के महत्व की जानकारी दी। बताया कि इससे प्राप्त वास्तविक उत्पादन के आंकड़ों के आधार पर शासन स्तर पर फसल उत्पादन की रिपोर्ट तैयार की जाती है। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से फसल क्षति की स्थिति में किसानों को मिलने वाली क्षतिपूर्ति का निर्धारण करने में भी इन आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

 

अधिकारियों ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोग कृषि उत्पादन के सही आकलन और किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इस दौरान ग्राम प्रधान शिवकुमार यादव और स्थानीय किसानों ने प्रशासनिक टीम का सहयोग किया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!