ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बकरी-बकरा चोरी कर बेचने जा रहे दो शातिर पकड़े गए, पल्सर भी बरामद

चंदौली। अलीनगर पुलिस ने बकरी-बकरा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक बकरी, दो बकरा और बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पशुओं और बाइक की चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

 

प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 19 नवंबर को महेवा नगर पुलिया के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजमगढ़ जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के परशुरामपुर सरैया निवासी सुनील कुमार (22) के रूप में हुई है। वहीं, 16 वर्षीय बाल अपचारी को पुलिस हिरासत में लिया गया।

 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बताया कि 19 नवंबर को उन्होंने अपने साथी नथुनी और उसकी पत्नी काजल, निवासी हमीदपुर पटनवा, मुगलसराय के साथ मिलकर गुल्ली पाड़े पोखरे के पास से एक बकरी और दो बकरा चोरी किए थे। इन्हें बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया। उनके दो साथी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

 

सुनील ने बताया कि बरामद पल्सर मोटरसाइकिल भी उसने करिया और नथुनी के साथ मिलकर वाराणसी के मच्छरहट्टा से चोरी की थी। गिरोह आसपास के गांवों में घूमकर बकरियों और मोटरसाइकिलों की चोरी करता था। पुलिस के मुताबिक, बाल अपचारी पहले भी मुगलसराय थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ मुगलसराय थाने में दो अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं।

 

पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 317(2) और 317(4) की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, सभाजीत यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!