
चंदौली। अपराधी और मनबढ़ लगातार कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं। शनिवार की देर रात सकलडीहा क्षेत्र के सरेसर गांव में पुरानी रंजिश में एक युवक ने रेलकर्मी के 22 वर्षीय पुत्र को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को लोको अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। सूत्रों की माने को जुआ खेलने के विवाद में गोली मारी गई है। घटनास्थल के पास जुआ का पुराना अड्डा है। पहले भी कई दफा जुआरियों में विवाद हो चुका है। पुलिस इस अवैध धंधे पर नकेल नहीं कस पा रही।
अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अपयार्ड निवासी रेलकर्मी शंकर प्रसाद का पुत्र जितेंद्र पासवान (22) अपने मित्र धीरज के साथ सरेसर के पास अप यार्ड में गया। दोनों देर रात वापस लौट रहे थे। जितेंद्र अपनी बुलेट से दोस्त धीरज को घर छोड़ने जा रहा था उसी दौरान एक अन्य युवक जोे उसका मित्र था गाड़ी रोकवाई और किसी मामले को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। खूब मारपीट भी हुई। इसी बीच आरोपित ने अपने अवैध असलहे से जितेंद्र को गोली मार दी। जितेंद्र वहीं गिर गया। धीरज ने ग्रामीणों की मदद से उसे रेलवे के लोको अस्पताल में भर्ती कराया। गोली युवक के हाथ में लगी है। स्थिति नाजुक देख उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे वो पूछताछ कर रही है। घायल युवक के चाचा शंभू ने बताया की गांव के कुछ दबंग लोगों से पुरानी रंजिश थी। छह माह पहले भी विवाद हुआ था। सीओ सदर ने बताया कि पुरानी रंजिश में गोली मारी गई है। गोली युवक के हाथ में लगी है। घटना में शामिल युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।