
चंदौली। पीपी सेंटर मुगलसराय में प्रसव कराने आई महिला की तीन वर्षीय बच्ची को कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले जा रही महिला को सेंटर में तैनात गार्ड की सूझबूझ से पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को थाने ले गई और पूछताछ शुरू कर दी।
अलीनगर थाना क्षेत्र के रेमा गांव निवासी पूजा देवी प्रसव के लिए पीपी सेंटर आई थीं। उनके साथ उनकी तीन वर्षीय बेटी सलोनी भी थी। बुधवार दोपहर करीब एक महिला बच्ची को अपने साथ लेकर जाने लगी। सेंटर में तैनात गार्ड रामकृष्ण यादव को महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उन्होंने उसे रोककर पूछताछ शुरू की तो महिला कथित तौर पर भागने लगी।
गार्ड ने सूझबूझ दिखाते हुए महिला का पीछा कर उसे पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को थाने ले गई।
थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि पकड़ी गई महिला शबा बानो निवासी कसाब महाल से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला किसी गिरोह या सिंडिकेट से जुड़ी है या नहीं। मामले में जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

