ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: अखबार में लपेटकर शराब की तस्करी! चंदौली के बंद रेस्टोरेंट में चल रहा था बिहार भेजने का खेल, 33 गिरफ्तार

15 पुरुष और 18 महिलाएं पुलिस के हत्थे चढ़ीं, 520.7 लीटर शराब बरामद, पर्स, कपड़ों और शरीर से चिपकाकर बिहार ले जाते थे शराब की बोतलें

15 पुरुष और 18 महिलाएं पुलिस के हत्थे चढ़ीं, 520.7 लीटर शराब बरामद, पर्स, कपड़ों और शरीर से चिपकाकर बिहार ले जाते थे शराब की बोतलें

 

चंदौली। पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 33 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें 15 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने कस्बे के वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट में छापेमारी कर 520.7 लीटर अवैध अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की। तस्करी में इस्तेमाल होने वाले चार वाहन और शराब बिक्री के 37,690 रुपये भी जब्त किए गए हैं। गिरोह के सदस्य शराब की बोतलों को अखबार में लपेटकर पिट्ठू बैग, महिलाओं के हैंड पर्स और कपड़ों में छिपाकर बिहार पहुंचाते थे।

 

पुलिस के मुताबिक, तीन नवंबर को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह पुलिस टीम के साथ सकलडीहा तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर बाइक चालक फरार हो गया, जबकि पीछे बैठा सुमंत कुमार निवासी वैशाली (बिहार) गिर पड़ा और पकड़ा गया। उसके पिट्ठू बैग से अवैध शराब बरामद हुई।

 

पूछताछ में उसने कस्बे के वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट में शराब की बड़ी खेप जमा होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल रेस्टोरेंट पर दबिश दी। सीढ़ियों के नीचे बने दरवाजे से अंदर पहुंची पुलिस ने देखा कि वहां बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शराब की बोतलों की पैकिंग कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 33 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

 

अखबार में लपेटकर करते थे पैकिंग

पूछताछ में सामने आया कि शराब के ठेके से टेंपो और बाइक के जरिए शराब बंद रेस्टोरेंट में पहुंचाई जाती थी। इसके बाद बोतलों को अखबार में लपेटकर पारदर्शी टेप से चिपका दिया जाता था। पुरुष इन्हें बैग और विशेष थैलों में रखते थे, जबकि महिलाएं हैंड पर्स, सूटकेस, कपड़ों की आस्तीन और शरीर से चिपकाकर ले जाती थीं। छोटी-छोटी खेपों में सवारी ट्रेनों, बसों और दोपहिया वाहनों से बिहार पहुंचाकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।

 

2234 बोतलें और टेट्रा पैक बरामद

पुलिस ने सिग्नेचर, रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, ऑफिसर्स च्वाइस, मैकडॉवेल्स, आफ्टर डार्क, 8 पीएम, रॉयल चैलेंज और मैजिक मोमेंट्स समेत विभिन्न ब्रांडों की कुल 2234 बोतलें, टेट्रा पैक और पाउच बरामद किए। मामले में कोतवाली सदर में आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा संख्या 526/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, शराब की आपूर्ति और भंडारण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!