
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और मौके से पुलिस ने कुल 8640 रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। सभी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मौके से फरार हुए अन्य लोगों की तलाश में पुलिस जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार तीन नवंबर को थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम पड़ाव चौराहे पर मौजूद थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि जलीलपुर गांव में पूरन चंद्र विश्वकर्मा के घर के पीछे रास्ते के किनारे कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। कुछ लोग ताश के पत्ते फेंककर भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर सात लोगों को मौके से पकड़ लिया। जबकि कुछ अन्य लोग भागने में सफल रहे।
पकड़े गए आरोपियों की तलाशी में 630 रुपये नकद मिले। वहीं, जुए के फड़ से 8010 रुपये और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव कुमार यादव, दिनेश जायसवाल, राजकुमार पासवान, कृष्ण कुमार, डब्लू सिंह, निसार अहमद उर्फ पिंटू और सोनू जायसवाल के रूप में हुई है। सभी जलीलपुर गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने इस मामले में मुगलसराय थाने में मुकदमा अपराध संख्या 582/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई में चौकी प्रभारी जलीलपुर अजय कुमार समेत मुगलसराय थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

