ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में बना रखा था पटाखों का अवैध गोदाम, पुलिस ने छापेमारी में पकड़ी 525 किलो विस्फोटक सामग्री, मचा हड़कंप

39 बोरियों में मिले अलग-अलग किस्म के पटाखे, दुकान संचालक गिरफ्तार

चंदौली। दीपावली का पर्व नजदीक आने के साथ ही अवैध पटाखों का कारोबार तेज हो गया है। सैयदराजा कस्बे में पुलिस ने लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में संचालित पटाखों के अवैध गोदाम का भंडाफोड़ किया है। रामजानकी मंदिर के सामने स्थित दुकान और मकान पर छापेमारी कर पुलिस ने 39 बोरियों में रखे कुल 525 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। मामले में दुकान संचालक मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, एक नवंबर की रात करीब नौ बजे सैयदराजा थाने में तैनात आरक्षी राजू सिंह ने यक्ष ऐप पर बीट सूचना दर्ज कराई थी। इसमें वार्ड नंबर एक, अंबेडकरनगर स्थित लाई-चूड़ा की दुकान में भारी मात्रा में पटाखे रखे होने की जानकारी दी गई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र ने उच्चाधिकारियों और क्षेत्राधिकारी सदर को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

दुकान और उससे जुड़े मकान की विधिवत तलाशी के दौरान तीसरी मंजिल पर बोरियों और गत्तों में छिपाकर रखे गए पटाखे मिले। पुलिस ने ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर बरामद पटाखों का कुल वजन 525 किलोग्राम पाया गया।

 

बरामद पटाखों में चटाई बम, माचिस बम, हवाई बम, चकरी, फुलझड़ी, रॉकेट, बुलेट बम, चुटपुटिया और विभिन्न प्रकार के तेज आवाज वाले पटाखे शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, घनी आबादी के बीच बिना वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों का पालन किए इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया गया था। इससे किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता था।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र मोहन साव निवासी वार्ड नंबर एक, सैयदराजा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 322/2026 के तहत बीएनएस की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9बी में मुकदमा दर्ज किया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में थाने के उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी और महिला आरक्षी सहित पुलिस टीम शामिल रही।

 

Back to top button
error: Content is protected !!