
चंदौली। बलुआ पुलिस ने विद्युत तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का करीब 800 मीटर एल्यूमिनियम डॉग तार और वारदात में इस्तेमाल स्कार्पियो वाहन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों में तीन बिहार के रोहतास और एक चंदौली जिले का निवासी है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिहार के रोहतास जिले में दबिश दी थी।
वाराणसी की मेसर्स प्रताप इलेक्ट्रिकल्स इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बलुआ थाने में तहरीर देकर बताया था कि नौ सितंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने रइया गांव के ताल से रामगढ़ जाने वाली सड़क के बीच विद्युत लाइन के करीब 22 खंभों से तार काट लिया था। चोर लगभग 1.2 किलोमीटर क्षेत्र में लगे 3.70 किलोमीटर डॉग तार को निशाना बनाकर ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 277/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(3) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान अन्य धाराएं भी बढ़ाई गईं।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की। इसके बाद एक नवंबर को बिहार के रोहतास जिले के अगरेर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव से चारों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर उसी दिन रात करीब 9:53 बजे रइया गांव के पास से चोरी का लगभग 800 मीटर एल्यूमिनियम डॉग तार बरामद किया गया। पुलिस ने तार चोरी में प्रयुक्त स्कार्पियो (BR 24 AG 3073) को भी कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आशीष राज निवासी लालगंज, थाना सासाराम मुफस्सिल, विकास चौधरी और नितेश कुमार निवासी रामगढ़, थाना अगरेर, जिला रोहतास (बिहार) तथा नीरज चौहान निवासी धरहरा, थाना सकलडीहा, जिला चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 303(2), 303(3) और 317(2) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह, अमित सिंह, सुजीत सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

