
सीडीओ आर जगत साई ने जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक में दिए निर्देश, स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति, एमडीएम और कायाकल्प कार्यों की होगी नियमित निगरानी
चंदौली। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अब मिशन मोड में काम किया जाएगा। शिक्षण कार्यों में लापरवाही और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। बच्चों के भविष्य और शिक्षा के स्तर से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह निर्देश मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता बनाए रखने तथा कायाकल्प के तहत अधूरे बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी करने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया। कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी व्यवस्था और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
सीडीओ ने डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति और ड्रेस की धनराशि हस्तांतरित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा विभागीय मॉनिटरिंग के साथ विद्यालयों की रैंडम जांच कराने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने विभागीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन कराने का भरोसा दिया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी, अपर पंचायत राज अधिकारी और अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य मौजूद रहे।

