
चंदौली। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आर्थिक तंगी अब जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए बाधा न बने, इसी उद्देश्य से भाजपा नेता और समाजसेवी डॉ. कृष्णानंद पांडेय की पहल पर मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जगदीश सराय में निःशुल्क भौतिक विज्ञान की कक्षाओं का शुभारंभ किया गया। पहल के तहत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
निःशुल्क कक्षाओं में आईआईटी-जेईई, नीट-यूजी और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए भौतिक विज्ञान के महत्वपूर्ण विषयों की तैयारी कराई जाएगी। बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग एवं एमएससी फिजिक्स अनिल विद्यार्थियों को विषय की मूल अवधारणाओं से लेकर परीक्षा उपयोगी प्रश्नों तक की तैयारी कराएंगे।
आर्थिक तंगी नहीं बनेगी सपनों की राह में रोड़ा
शुभारंभ अवसर पर मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के निदेशक डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने कहा कि किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के सपनों के सामने आर्थिक परिस्थितियां दीवार नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सही दिशा देने के उद्देश्य से निःशुल्क कोचिंग की शुरुआत की गई है।
उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन पर जोर देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। सही मार्गदर्शन के साथ लगातार मेहनत करने वाले विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी
निःशुल्क कोचिंग शुरू होने से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अतिरिक्त खर्च का दबाव कम होने के साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा।
डॉ. पांडेय ने कहा कि युवाओं को शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ शुरू की गई यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर देगी।

