
चंदौली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की रिक्त होने वाली सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। दोनों सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा। वहीं 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
वर्तमान में वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आशुतोष सिन्हा और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लाल बिहारी यादव निर्वाचित सदस्य हैं। दोनों सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। रिक्त होने वाली सीटों को भरने के लिए निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नौ अक्टूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे।
दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों और संबंधित पक्षों को आयोग के निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का पालन करना होगा।
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान की प्रक्रिया सामान्य विधानसभा चुनाव से अलग होती है। इन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए निर्धारित मतदाता सूची के आधार पर मतदान कराया जाता है। आयोग की ओर से नामांकन से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं।

