
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) क्षेत्र के गोधना मोड़ स्थित मनोहरपुर गांव में नाले के पानी को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब 250 ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, सड़क पर उतर आए और नाले का पानी सार्वजनिक तालाब में छोड़े जाने की आशंका जताते हुए नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा।
ग्रामीणों का आरोप था कि यदि नाले का गंदा पानी गांव के तालाब में पहुंचा तो तालाब प्रदूषित हो जाएगा। इसी तालाब पर हर वर्ष छठ महापर्व के दौरान महिलाएं पूजा-अर्चना करती हैं। इसके अलावा ग्रामीण स्नान और धार्मिक कार्यों के लिए भी तालाब का उपयोग करते हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि किसी भी हाल में तालाब में गंदा पानी न छोड़ा जाए।
ग्रामीण अरविंद कुमार ने बताया कि तालाब वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में है। नाले के पानी को तालाब की ओर मोड़े जाने की आशंका को लेकर ग्रामीण पहले से विरोध कर रहे थे और प्रशासन से उचित समाधान की मांग कर रहे थे।
अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से बातचीत की।
एसडीएम ने बताया कि ड्रेनेज पाइप डालने के कार्य को लेकर ग्रामीणों में भ्रम की स्थिति थी। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ने स्पष्ट किया है कि पाइप की ढाल दूसरी दिशा में है, जिससे नाले का पानी तालाब में नहीं जाएगा। प्रशासन की ओर से पूरी जानकारी दिए जाने के बाद ग्रामीण संतुष्ट हुए और प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

