
चंदौली। चकिया पुलिस, स्वाट (SOG) और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में इलिया थाने का 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी भी जंगल में घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
सोमवार को गांधी नगर-लतीफशाह मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों तेज रफ्तार से भाग निकले। पीछा करने पर उन्होंने मोटरसाइकिल जंगल की ओर मोड़ दी, जहां वाहन फिसलकर गिर गया। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान अली हसन उर्फ शेरू अंसारी पुत्र फैजुल हसन निवासी शिवरामपुर, थाना चांद, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई। वह इलिया थाने से वर्ष 2025 से वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसका साथी सोनू अंसारी पुत्र तस्लीम अंसारी निवासी बुढ़वाई, थाना अहरौरा, जनपद मिर्जापुर जंगल की ओर भाग गया, जिसे पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ इलिया थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा अन्य धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई थाना चकिया पुलिस द्वारा की जा रही है।

