क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

अवैध खनन पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस-वन विभाग टीम पर हमला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य व हिस्ट्रीशीटर रहे महेंद्र राव सहित कई पर मुकदमा

चंदौली। चकिया थाना क्षेत्र के चन्द्रप्रभा रेंजरी वन क्षेत्र स्थित ग्राम अलीपुर भांगड़ा में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य व हिस्ट्रीशीटर महेंद्र राव को पुलिस ने मुख्य आरोपी बनाया है। घटना के बाद पुलिस ने चिन्हित अभियुक्तों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

रेंजर चकिया अखिलेश दुबे तथा थानाध्यक्ष चकिया अर्जुन सिंह अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर चन्द्रप्रभा वन क्षेत्र में पहुंचे थे। मौके पर एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर बिना अनुमति के अवैध खनन करते हुए पाए गए। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी और दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में ले लिया।

इसी दौरान पूर्व में हिस्ट्रीशीटर रहा सपा नेता महेन्द्र राव निवासी गायघाट, उसका भाई विजेन्द्र राव तथा अन्य ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचकर टीम को घेर लिया। आरोप है कि करीब 80 से 100 लोगों की भीड़ ने सरकारी कार्य में बाधा डाला, मार्ग को पत्थरों से अवरुद्ध कर चक्का जाम किया और राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार किया।

पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, हमला और अवैध खनन से संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपी महेन्द्र राव और उनके परिजनों पर पूर्व में भी हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और खनन अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार अधिकांश आरोपी अभ्यस्त अपराधी हैं और घटना के बाद गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!