fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, सरकार के आठ वर्ष पूरे

चंदौली। केंद्र सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री व स्थानीय सांसद डा महेंद्र नाथ पांडेय ने सरकार की उपलब्धियों को साझा किया। गुरुवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार ने राजनीति में नए मापदंड स्थापित किए हैं। पूर्व की सरकारें कहती कुछ थीं और करती कुछ, लेकिन वर्तमान सरकार की कथनी व करनी में कोई अंतर नहीं है। चाहे चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादे हों या संकल्प पत्र सरकार ने उसे पूरा किया है। किसान की समृद्धि से ही देश की समृद्धि है।

डा. पांडेय ने कहा जन धन के तहत आज 35 करोड़ लोग बैंक के खाता धारक हैं। सबको शौचालय, घर, रसोई गैस देकर सरकार ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। आज विश्व आश्चर्यचकित है कि देश में 80 करोड़ से अधिक जनता को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। जबकि कई देश विदेशों से अनाज मंगाकर खा रहे हैं। कहा कि कांग्रेस सरकार में कृषि का बजट 8.5 फीसदी था जबकि हमारी सरकार में यह आंकड़ा 38.8 फीसद पहुंच गया है। गरीब कल्याण योजना में 3.40 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जा रही है। किसान सम्मान निधि के तहत 12 करोड़ किसानों के खाते में 11वीं किश्त भेजी गई है। यह अपने आप बड़ी उपलब्धि है। किसान की समृद्धि से ही देश की समृद्धि है। बताया कि जनपद में तीन लाख 51 हजार 431 कार्ड धारक हैं। उज्ज्वला योजना के तहत एक लाख 55 हजार 732 गैस कनेक्शन दिए गए हैं। जिले में 22 हजार लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड का लाभ मिला है। 101 करोड़ की 60 छोटी परियोजनाओं के तहत कार्य कराया गया है। वहीं बड़ी परियोजनाओं में मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य चल रहा है। पत्रकारों के सवाल पर कहा कि देश में 37 नदियों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इससे बाढ़ की समस्या का समाधान होगा। सड़क नेटवर्क 25 गुना बढ़ा है। आने वाले दिनों में भी सरकार आम गरीब व्यक्तियों के लिए बेहतर कार्य करेगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, जिला प्रभारी मीना चौबे, विधायक कैलाश आचार्य, नगर पालिका अध्यक्ष संतोष खरवार, विधायक रमेश जायसवाल, राणा प्रताप सिंह, शिवराज सिंह, जितेंद्र पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

सांसद ने रिपोर्ट टू नेशन का किया विमोचन
केंद्रीय मंत्री डा महेंद्र नाथ पांडेय ने सरकार की उपलब्धियों से जुड़े रिपोर्ट टू नेशन पंफलेट का विमोचन किया। इसमें अंत्योदय ही मूलमंत्र , जान है तो जहान है, सशक्त किसान , समृद्ध किसान, नए भारत की नारी शक्ति, युवा नेतृत्व में विकास , अर्थ व्यवस्था में सुधार आदि की जानकारी दी गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!