
चंदौली। ठेला खोमचा लगाकर सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी की चेतावनी का असर नजर आने लगा है। इसी क्रम में मुगलसराय पुलिस ने जीटी रोड स्थित मस्तलाज गली के पास चेकिंग के दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जो मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से ठेला लगाकर गन्ने का रस बेच रहे थे। इससे सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
पुलिस ने अशोक लाल निगम (55 वर्ष) और सरफिदा (21 वर्ष), निवासी ग्राम डिग्धी, थाना मुगलसराय को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ मुगलसराय थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 125 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने मौके से दो ठेले, गन्ने का रस निकालने की मशीन और अन्य सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में व्यापारियों और नागरिकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के तहत थाना स्तर पर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

